
पवन खेड़ा मामले में आज यानी मंगलवार को गुवाहाटी हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा ने एफआईआर दर्ज कराई है. इसी आपराधिक मामले में पवन खेड़ा ने सोमवार को गुवाहाटी उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की. इस अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान गुवाहाटी हाईकोर्ट ने असम की हिमंत सरकार को फटकार लगाई. हाईकोर्ट ने एजी की गैरमौजूदगी पर भी नाराजगी जताई.
दरअसल, असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के बयान को लेकर अभिषेक मनु सिंघवी ने हाईकोर्ट में सवाल उठाया. अभिषेक मनु सिंघवी पवन खेड़ा की ओर से पेश हुए थे. वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने ऐसे बयानों पर रोक लगाने की मांग की. पवन खेड़ा का आरोप है कि नोटिस के बाद भी सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने विवादित बयान दिए. इसके बाद कोर्ट ने अगली तारीख तय की और हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया. इस दौरान बेंच ने कहा कि कम से कम जवाब दाखिल होना चाहिए था.
